द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के जमशेदपुर में एक संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई है। को-ऑपरेटिव कॉलेज कैंपस स्थित क्वार्टर से शनिवार को शिक्षक भीम राम (40) का शव बरामद किया गया। सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार, क्वार्टर का दरवाजा शुक्रवार से ही अंदर से बंद था। शनिवार को भी जब कोई हलचल नहीं हुई तो आसपास के लोगों को शक हुआ। कई बार दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर शव सोफे पर पड़ा मिला।बताया जा रहा है कि भीम राम मूल रूप से बिहार के आरा जिले के बबुरा गांव के रहने वाले थे।
करीब दो साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में रहने लगे थे और काफी चुप-चुप रहते थे। फिलहाल, पुलिस को शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। यह हार्ट अटैक, किसी बीमारी या अन्य कारण से हुई,इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।