द फॉलोअप डेस्क
टाटानगर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित रेलवे लॉबी गेट के पास रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में रेलवे कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है, जब बाइक सवार अपराधियों ने लोको पायलट ज्ञानेंद्र कुमार गौतम को निशाना बनाते हुए उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल ज्ञानेंद्र को स्थानीय लोगों की मदद से रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान आदित्यपुर निवासी ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

नजदीक से मारी गई गोली, मौके पर अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ज्ञानेंद्र कुमार गौतम रेलवे लॉबी गेट की ओर जा रहे थे, तभी अचानक बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और बेहद करीब से उन पर फायरिंग कर दी। गोली इतनी नजदीक से मारी गई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी तेजी से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देर रात तक लोगों में भय और तनाव बना रहा। बताया जा रहा है कि मृतक रेलवे में लोको पायलट होने के साथ-साथ ठेकेदारी और जमीन के कारोबार से भी जुड़े हुए थे, साथ ही रेलवे पार्किंग के समतलीकरण का कार्य भी उनके जिम्मे था।
.jpeg)
ठेकेदारी और जमीन विवाद एंगल पर जांच तेज
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे ठेकेदारी और जमीन विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।