द फॉलोअप डेस्क
कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शनिवार को आयोजित भव्य समारोह में बीजेपी विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आर एन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शुभेंदु अधिकारी पश्चिम बंगाल में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। समारोह में हजारों की संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ एनडीए नेता शामिल हुए। बीजेपी नेताओं ने इसे पश्चिम बंगाल में पार्टी के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया।

पांच मंत्रियों ने भी ली शपथ
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं। समारोह में एनडीए के सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहे।

विधायक दल की बैठक में हुआ था चयन
शुक्रवार को कोलकाता में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की गई थी। इसी बैठक में शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया। बाद में अमित शाह ने मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की थी। बीजेपी नेताओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाना पार्टी के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।