सिलीगुड़ी
झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो रविवार को सुकना में आयोजित होने वाले ‘प्ले फॉर नेपाल’ चैरिटी फुटबॉल मैच में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कंचनजंघा टूरिज्म फेस्टिवल (KTF) 2026 के तहत आयोजित इस विशेष मैच में सुदेश महतो की मौजूदगी के जरिए झारखंड की भी इस क्षेत्रीय पहल में भागीदारी दर्ज होगी। मैच 27 सितंबर को दोपहर 2 बजे से सुकना ग्राउंड में खेला जाएगा। खेल के मैदान पर होने वाला यह मुकाबला सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं है। नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए मैच से प्राप्त पूरी राशि देने की पहल की गई है। आयोजकों ने खेल को पड़ोसी देश के प्रभावित लोगों के प्रति एकजुटता और सहयोग व्यक्त करने का माध्यम बनाया है।

झारखंड के लिए भी महत्वपूर्ण
सुदेश महतो को इस आयोजन में आमंत्रित किया जाना झारखंड के लिए भी महत्वपूर्ण है। कंचनजंघा टूरिज्म फेस्टिवल में भारत के साथ नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सक्रिय भागीदारी है तथा आयोजकों के अनुसार इस संस्करण में झारखंड की मौजूदगी मंच और अतिथियों के स्तर पर भी है। फेस्टिवल का संदेश (Culture connects people) रखा गया है। आयोजन में भारतीय फुटबॉल के पूर्व कप्तान और पद्मश्री सम्मानित बाइचुंग भूटिया की भी मौजूदगी रहेगी। सुदेश महतो और बाइचुंग भूटिया की उपस्थिति खेल के इस आयोजन को खास बनाएगी।फुटबॉल के जरिए सामाजिक सरोकार, मानवीय सहयोग और क्षेत्रीय जुड़ाव का संदेश देने वाला यह आयोजन पूर्वी हिमालयी क्षेत्र में खेल और संस्कृति की भूमिका को भी रेखांकित करेगा।
