पलामू
पलामू जिले में यूजी NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में शनिवार देर रात मेदिनीनगर शहर के विभिन्न होटलों में पुलिस द्वारा सघन छापेमारी अभियान चलाया गया. यह कार्रवाई टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार के नेतृत्व में की गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने कई होटलों में ठहरे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और उनके पहचान पत्रों की जांच की. साथ ही होटल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिया गया कि बिना वैध पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को कमरा नहीं दिया जाए.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. किसी भी तरह की अनियमितता या दलालों की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस कार्रवाई से होटल संचालकों और संदिग्ध तत्वों में हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने संकेत दिया है कि परीक्षा समाप्त होने तक इस तरह की छापेमारी आगे भी जारी रहेगी, ताकि परीक्षा की शुचिता बनी रहे और अभ्यर्थियों को निष्पक्ष माहौल मिल सके.
.jpeg)