जामताड़ा
जामताड़ा में 6 मई की रात असामाजिक तत्वों ने कोर्ट मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. बताया जाता है कि देर रात अज्ञात लोगों ने प्रतिमा के तीर-धनुष सहित अन्य हिस्सों को नुकसान पहुंचाया और मौके से फरार हो गए. इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई थी. घटना के एक सप्ताह बाद, बुधवार शाम लगभग 6 बजे जिला प्रशासन के आदेश पर प्रतिमा की मरम्मत कराई गई. एक कारीगर की मदद से टूटे हुए तीर-धनुष को फिर से तैयार किया गया तथा पूरी प्रतिमा की रंगाई-पुताई का कार्य शुरू किया गया, जिससे उसका स्वरूप पहले जैसा किया जा सके.
हालांकि प्रतिमा की मरम्मत कर दी गई है, लेकिन अब तक इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. साथ ही प्रशासन की ओर से यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल थे और इसका कारण क्या था. स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर नाराजगी बनी हुई है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी है. अब देखना होगा कि प्रशासन केवल मरम्मत तक सीमित रहता है या फिर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करता है. गौरतलब है कि घटना के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में गहरा रोष देखा गया था. लोगों ने इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदारों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए वरीय अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा था.
