logo

गढ़वा में रफ्तार का कहर, तेज रफ्तार बाइक खाई में गिरी; 3 युवक गंभीर

गढ़वा में रफ्तार का कहर, तेज रफ्तार बाइक खाई में गिरी; 3 युवक गंभीर

गढ़वा
गढ़वा जिले में शनिवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला. जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदगंज-कांडी मुख्य मार्ग पर विजय सोनी पेट्रोल पंप के समीप एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के संबंध में बताया गया कि तीनों युवक तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल से जा रहे थे. इसी दौरान चालक संतुलन खो बैठा, जिससे बाइक सड़क किनारे पुलिया के नीचे जा गिरी. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

घायल युवकों की मदद को आगे आए बीडीओ
घटना के समय प्रखंड कर्मियों के सरकारी आवास के पास से गुजर रहे प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश सहाय सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. बीडीओ ने तत्काल थाना प्रभारी और स्थानीय अस्पताल प्रबंधन को घटना की सूचना दी, जिसके बाद घायलों को समय पर सहायता मिल सकी. घायलों की पहचान पतरिया निवासी रितेश कुमार पासवान, ओमप्रकाश पासवान और विशाल पासवान के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ. बीडीओ राकेश सहाय ने स्वयं मौके पर खड़े होकर बचाव दल की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकलवाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मझिआंव रेफरल अस्पताल भेजा गया. बाद में सभी को सदर अस्पताल लाया गया. बीडीओ ने घायलों के परिजनों को घटना की सूचना देकर उन्हें ढांढस भी बंधाया. वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

 

Tags - garwah news Updates Latest garwah news Fast motercycle garwah Acident Uncontrolled Bike in garwah