logo

सीता सोरेन का कल्पना मुर्मू सोरेन पर संगीन आरोप, बोलीं- गुरुजी की सेहत से कर रहीं खिलवाड़

a6916.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

सोरेन परिवार के भीतर देवरानी-जेठानी का झगड़ा फिर सार्वजनिक हुआ है। इस बार शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन ने अपनी देवरानी कल्पना मुर्मू सोरेन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सीता सोरेन ने कल्पना मुर्मू सोरेन पर गुरुजी की सेहत के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। सीता सोरेन ने आरोप लगाया है कि शिबू सोरेन की तबीयत नासाज रहती है, बावजूद इसके उन्हें रैलियों और सभाओं में शामिल किया जा रहा है। कड़ी धूप में उनको संबोधन के लिए मजबूर किया जा रहा है। सीता सोरेन ने कहा कि चिलचिलाती धूप में बाबा (शिबू सोरेन) को रैलियों में ले जाया गया। उनको बिठा कर रखा। उन्होंने कहा कि विपक्ष सत्ता की खातिर कुछ भी कर सकता है। सीता सोरेन ने आरोप लगाया है कि कल्पना मुर्मू सोरेन, गुरुजी को खत्म करना चाहती है।

सीता सोरेन और कल्पना मुर्मू सोरेन नें जुबानी जंग
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जबकि सीता सोरेन और कल्पना मुर्मू सोरेन के बीच जुबानी जंग हुई है। इससे पहले जब सीता सोरेन ने बीजेपी ज्वॉइन किया था तो उन्होंने कल्पना मुर्मू सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर शिबू सोरेन की विरासत को धूमिल करने का आरोप लगाया था। सीता सोरेन ने यह भी कहा था कि पार्टी और परिवार के भीतर कुछ लोगों ने उनके पति स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की मेहनत को हाईजैक करने का प्रयास किया है। बदले में कल्पना मुर्मू सोरेन ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के साथ पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की तस्वीर शेयर कर उन्हें अभिभावक तुल्य बताया था। कहा था कि उन्होंने हमेशा मार्गदर्शन किया। जवाब में सीता सोरेन की बड़ी बेटी जयश्री सोरेन ने कल्पना मुर्मू सोरेन पर उनके पिता का नाम इस्तेमाल नहीं करने की नसीहत दी थी। 

झामुमो छोड़ बीजेपी में शामिल हो गई थीं सीता
बता दें कि सीता सोरेन ने लोकसभा चुनावों के ऐलान के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता और विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। दिल्ली में बीजेपी ज्वॉइन करते हुए सीता सोरेन ने आरोप लगाया कि उनको पार्टी और परिवार में उपेक्षित किया गया। उनकी बेटियों की उपेक्षा की गई। उन्होंने अपमानित करने का भी आरोप लगाया। स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की मौत को संदिग्ध बताते हुए सीता सोरेन ने कहा था कि जब मैंने परिवार के भीतर उनकी मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग की तो इसे नजरअंदाज किया गया। 

Tags - Sita SorenKalpana Murmu SorenShibu SorenJMMJharkhand News