नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बालीडीह गांव में 2 अक्टूबर को 62 वर्षीय महिला असरी रानी की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने तत्परता से कार्रवाई की। स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर गश्ती दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेजा।
मृतका असरी रानी के बेटे दीवान पहाड़िया के आवेदन पर 3 अक्टूबर को पाकुड़िया थाना में शंभू पहाड़िया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में एक एसआईटी टीम गठित की गई। एसआईटी टीम ने 3 अक्टूबर को शंभू पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी शंभू पहाड़िया ने अपना अपराध स्वीकार किया और बताया कि कुछ निजी विवाद के चलते गुस्से में आकर उसने असरी रानी की हत्या कर दी। फिलहाल, मामले की जांच वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
