logo

कोडरमा घाटी के 9वें माइल पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक का अगला हिस्सा चकनाचूर; दोनों पैर टूटने पर चालक रांची रिम्स रेफर

koderma_accident.jpg

कोडरमा
कोडरमा घाटी स्थित नौवां माइल्स के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से दाल लादकर बिहार के नवादा जा रहे एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे हाईवा से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी उसमें बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने क्रेन की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, जिसमें गंभीर रूप से घायल ड्राइवर को रांची के रिम्स  रेफर किया गया है।
घाटी की खतरनाक ढलान 
घाटी की खतरनाक ढलान होने के कारण चालक वाहन पर से पूरी तरह नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार तेज होने की वजह से अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रहे एक हाईवा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक व खलासी केबिन के मलबे में ही दबकर रह गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ट्रक के भीतर से आ रही चालक और खलासी की आवाजें सुनकर वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत अपनी गाड़ियां रोकीं और राहत कार्य में जुट गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सदर थाना की पेट्रोलिंग टीम और रोड सेफ्टी से जुड़े सदस्य सागर कुमार गिरी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। 
क्रेन की मदद से केबिन काटकर निकाला गया बाहर
केबिन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण काफी प्रयासों के बावजूद चालक को बाहर निकालना मुमकिन नहीं हो पा रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर क्रेन बुलाई। क्रेन और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन के हिस्से को अलग कर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस हादसे में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद खलासी को मामूली चोटें आईं।ड्राइवर के दोनों पैर टूटे, प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर
गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान बिहार के नवादा निवासी प्रदीप यादव के रूप में की गई है। रेस्क्यू के तुरंत बाद उसे 108 एम्बुलेंस के जरिए कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया। सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि हादसे की भयावहता के कारण चालक के दोनों पैर टूट गए हैं। प्रदीप यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर और उच्चस्तरीय इलाज के लिए उसे तत्काल रांची स्थित रिम्स  रेफर कर दिया है।

Tags - Koderma Road Accident Jharkhand News Truck Accident Koderma Valley RIMS Ranchi