logo

झारखंड में कड़ाके की ठंड, शीतलहर से जनजीवन प्रभावित; कई जिलों में पारा सामान्य से नीचे

cold.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड इस वक्त भीषण शीतलहर की चपेट में है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान अचानक गिरने से ठंड बढ़ गई है। पलामू, कोल्हान और मध्य झारखंड के जिलों में शीतलहर का असर सबसे ज्यादा महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से अधिक जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। रांची, लोहरदगा, गुमला, चतरा, बोकारो और लातेहार में सुबह और रात के समय ठिठुरन लगातार बढ़ रही है। रांची के कांके में तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे न्यूनतम रिकॉर्ड है। देर रात से लेकर सुबह तक चल रही बर्फीली हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।


मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक इसी तरह की शीतलहर का असर बना रहेगा। सुबह आसमान साफ रहेगा, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट जारी रहेगी। हालांकि दिन में धूप निकलेगी, पर तेज ठंडी हवाएं राहत नहीं देंगी। रात में कोहरा और पाला गिरने की भी संभावना है। ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर अधिक है, जिससे सुबह के समय यातायात पर हल्का असर पड़ा है।


कई शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे
गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खूंटी में 7.3, हजारीबाग में 7.1, डाल्टेनगंज में 8.3, लोहरदगा और लातेहार में 9.0, बोकारो में 9.2 और रांची में 10.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। कोल्हान क्षेत्र में भी ठंड का प्रभाव बना हुआ है जमशेदपुर का तापमान 11 और चाईबासा का 11.8 डिग्री रहा। पाकुड़ 12 डिग्री के साथ अपेक्षाकृत गर्म रहा। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के ग्रामीण इलाकों में सुबह की ठंड काफी तीखी महसूस की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।