अभिषेक पीयूष/सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत हाथीसेरंग गांव में मां और बच्चे की मौत के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। घटना के बाद सांसद जोबा माझी और उपायुक्त नितीश कुमार सिंह अधिकारियों की टीम के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 20 हजार रुपये नकद दिए गए हैं। इसके अलावा 4 लाख रुपये का मुआवजा चेक भी सौंपा गया है।

जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी
अधिकारियों ने मौके पर ही भुगतान प्रक्रिया की पुष्टि करते हुए कहा कि आगे की सभी औपचारिकताएं भी जल्द पूरी की जाएंगी। सांसद जोबा मांझी ने घटना को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं डीसी नितीश कुमार सिंह ने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।

स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जांच
अधिकारियों की टीम ने गांव में स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया और प्रसव के दौरान संभावित लापरवाही से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटाई। प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे। घटना के बाद इलाके में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।