द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड के लिपुंगा गांव में सोमवार देर रात एक खौफनाक वारदात ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। 72 वर्षीय सर्गिया बालमुचू और उनकी 65 वर्षीय पत्नी मुक्ता बालमुचू की कुल्हाड़ी से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। गांव में चारो तरफ डर का माहौल है। मंगलवार सुबह एक ग्रामीण रोज़ की तरह खेत की ओर जा रहा था। जब वह दंपती के घर के पास से गुज़रा, तो उसने उन्हें खटिया पर लेटा देखा और सोचा कि वे सो रहे हैं। लेकिन जब वह करीब दो घंटे बाद वापस लौटा, तो उसने आवाज दी कोई जवाब नहीं।

संदेह हुआ तो उसने चादर हटाई। और देखते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई दंपती का गला गहरे घावों के साथ कटा हुआ था, और खटिया खून से लाल थी। उसकी चीख सुनकर गांव वाले दौड़कर पहुंचे और देखते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। लिपुंगा गांव में पिछले कई वर्षों से अंधविश्वास, झाड़-फूंक और डायन-बिसाही के आरोपों को लेकर तनाव रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक दंपती को लेकर भी लंबे समय से अफवाहें फैलती रहीं। कई ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि ये हत्या डायन-बिसाही विवाद से जुड़ी हो सकती है।

रविवार को हुई थी पंचायत, दंपती पर लगा था जुर्माना
गुवा थाना प्रभारी नीतिश कुमार ने बताया कि मृतक दंपती का हाल ही में गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था। रविवार को इस विवाद को सुलझाने के लिए गांव में एक पंचायत हुई थी, जिसमें दंपती पर जुर्माना लगाया गया था। पुलिस के अनुसार जुर्माना देने से मना करने पर विवाद बढ़ गया और देर रात बदला लेने के लिए हत्या की गई हो सकती है। प्रारंभिक जांच कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या, आरोपी गांव छोड़कर फरार थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में स्पष्ट है हत्या कुल्हाड़ी से गला रेतकर की गई।