logo

लातेहार में सनसनीखेज मामला, दूसरी शादी की चाह में पत्नी और नवजात को जहर देने का आरोप

लोनरोू2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार जिले के बरवाडीह थाना क्षेत्र के उक्कामाड़ गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक पर अपनी पत्नी और महज 20 दिन के नवजात बच्चे को जहर पिलाने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि आरोपी दूसरी शादी करना चाहता था और इसके लिए पत्नी व बच्चे को बाधा मान रहा था। घटना शनिवार रात की है। जानकारी के अनुसार, आरोपी पीतलेश सिंह ने पत्नी रूबी देवी और नवजात को “कमजोरी दूर करने” के बहाने दवा दी। जैसे ही नवजात को दवा पिलाई गई, उसमें तेज बदबू आने लगी और बच्चा अचानक अस्वस्थ हो गया। दवा की गंध से रूबी को शक हुआ कि इसमें जहर मिलाया गया है। उसने तत्काल बच्चे को लेकर मेदिनीनगर एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां एसएनसीयू में बच्चे का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, समय रहते इलाज मिल जाने से नवजात की स्थिति में सुधार हो रहा है, हालांकि वह अभी भी निगरानी में है।

पीड़िता रूबी देवी ने बताया कि उसकी शादी को केवल एक साल हुआ है, लेकिन शादी के कुछ महीनों बाद ही पति का व्यवहार बदलने लगा। रूबी के अनुसार, पीतलेश का गांव की एक युवती से प्रेम संबंध है और वह उसी से शादी करना चाहता है। इसी वजह से वह पत्नी और बच्चे को रास्ते से हटाने की कोशिश कर रहा था। अस्पताल चौकी पुलिस ने घटना की जानकारी ले ली है। रूबी ने दोनों संदिग्ध दवाएं पुलिस को सौंप दी हैं। पुलिस इन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। पीड़िता ने पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद गांव में भी चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का व्यवहार कुछ समय से संदिग्ध था। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।