logo

विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश तेज, एसीबी ने लखीसराय में मारा छापा

लांो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में शराब तथा भूमि घोटाले से जुड़े मामलों में वांछित नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के मालिक विनय कुमार सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह की तलाश तेज कर दी गई है। इसी सिलसिले में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने रविवार सुबह बिहार के लखीसराय जिले के नयासराय इलाके में छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, झारखंड एसीबी की तीन वाहनों की टीम संभावित ठिकानों पर पहुंचकर स्निग्धा सिंह के बारे में सुराग जुटाने में लगी रही।


गौरतलब है कि नेक्सजेन ऑटोमोबाइल के संचालक विनय कुमार सिंह वर्तमान में हजारीबाग जेल में न्यायिक हिरासत में हैं। उनकी पत्नी स्निग्धा सिंह को शराब घोटाले और हजारीबाग की वन भूमि घोटाले से संबंधित मामलों में कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन वह अब तक एसीबी के सामने पेश नहीं हुई हैं। जांच एजेंसी दोनों मामलों में उन्हें एक अहम कड़ी मानते हुए बार-बार तलब कर चुकी है।


हजारीबाग वन भूमि घोटाला उस समय का मामला है जब आईएएस विनय कुमार चौबे वहां के उपायुक्त थे। आरोप है कि इसी अवधि में स्निग्धा सिंह के नाम पर विवादित भूमि की जमाबंदी कराई गई थी। इस प्रकरण में एसीबी पहले ही विनय कुमार सिंह, विजय प्रताप, विनय चौबे, तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार सहित कई अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार कर चुकी है। स्निग्धा सिंह से पूछताछ या उनकी गिरफ्तारी को इस पूरे हाई-प्रोफाइल मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।