logo

सिमडेगा में स्कूल बसों की सघन जांच, नियम उल्लंघन पर कार्रवाई और चालान 

dto_sim.jpg

सिमडेगा 

सिमडेगा में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर बुधवार को जिले में विशेष स्कूल बस जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त कंचन सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) संजय कुमार बाखला के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल पांच स्कूल बसों की सघन जांच की गई। जांच में वाहनों के परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस, रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई। वहीं रोड सेफ्टी मानकों के तहत मेडिकल किट, फायर एक्सटिंग्विशर, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की गयी। जांच के दौरान कई वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल पचपन हजार रुपये का ऑनलाइन चालान काटा गया।

बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

डीटीओ संजय कुमार बाखला ने वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। जिन बसों में तकनीकी या दस्तावेज संबंधी त्रुटियां पाई गईं, उन्हें अविलंब सुधार कराने की चेतावनी दी गई। निर्देशों की अनदेखी करने पर संबंधित वाहनों को जब्त अथवा सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान सभी स्कूल प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया गया कि प्रत्येक स्कूल बस में बच्चों की सुरक्षा के लिए अनिवार्य रूप से एक अटेंडेंट अथवा महिला स्टाफ की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Tags - school bus safety vehicle inspection campaign DTO Sanjay Kumar Bakhla Kanchan Singh DC Simdega road safety inspection