logo

रांची : रातू रोड में स्कूल बस ने कई वाहनों को रौंदा, एक बच्ची घायल

वहे2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के भीड़-भाड़ वाले रातू रोड क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। संत माइकल स्कूल की बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर चल रही कई गाड़ियों से टकरा गई। घटना सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित बगल वाली गली में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण हट गया। इसके बाद बस ने एक के बाद एक कई वाहनों को पीछे और साइड से जोरदार टक्कर मारी। मौके पर कई दोपहिया वाहन बस के नीचे दबे हुए देखे गए। एक गुमटी भी बस की चपेट में आकर टूट गई और गुमटी संचालक को चोट लगी है। घटना के समय बस में एक बच्ची और एक शिक्षक मौजूद थे। हादसे में बच्ची घायल हो गई जिसे पास की दुकान में काम करने वाली स्नेहा तुरंत पॉपुलर नर्सिंग होम लेकर गई। घायल बच्ची के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बस चालक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा, जिसके कारण उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। हादसे के बाद चालक भी बेहोश अवस्था में पाया गया। बस एक बिजली के खंभे से भी टकराई। पुलिस ने बस और चालक को थाना परिसर में सुरक्षित रख लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।