logo

रांची डेंटिस्ट केस : झांसा देकर रेप और ब्लैकमेलिंग, पीड़िता को चारा बनाकर शिकार ढूंढ़ता है गिरोह; सरयू राय ने किया दावा

a3118.jpg

रांची: 

वरीय विधायक सरयू राय ने रांची में डेंटल छात्रा के साथ बर्थडे पार्टी के बहाने रेप की घटना को लेकर सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा कि रांची में एक संगठित गिरोह लड़कियों को प्यार के जाल में फंसाने, उनका यौन उत्पीड़न कर वीडियो बनाने और फिर पीड़िताओं को चारे की तरह इस्तेमाल करते हुए अन्य लड़कियों को फंसाने का काम कर रहा है। सरयू राय ने कहा कि रांची पुलिस की जांच का दायरा केवल डेंटल छात्रा के साथ रेप की वारदात के खुलासे तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इस संगठित गिरोह की सघन जांच-पड़ताल करके इसे जड़ से उखाड़ फेंकने की कार्रवाई करनी चाहिए।

सरयू राय ने कहा कि रांची एसएसपी ने आश्वस्त किया है कि डेंटल छात्रा के साथ रेप करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी। साजिशकर्ता भी न्याय के दायरे में आएंगे। 

रांची में सक्रिय है ब्लैकमेलिंग गिरोह
सरयू राय का दावा है कि रांची में जहां यह घटना घटी, वहां इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाला संगठित गिरोह सक्रिय है। गिरोह के लोग छात्राओं को विभिन्न तरीके से अपनी जाल में फंसाते हैं। जैसे ही वह लड़की इनके झांसे में आती है, उसे चारा बनाकर अन्य लड़कियों को शिकार बनाया जाता है. सरयू राय ने कहा कि डेंटल छात्रा को बर्थडे पार्टी के बहाने फ्लैट में ले जाने वाली ओली विश्वकर्मा नाम की लड़की भी इसी तरह के जालसाजों के चंगुल में फंसी थी. ओली विश्वकर्मा अब इस गिरोह के लिए काम करती है। ऐसी लड़कियों की बड़ी संख्या है। 

यौन उत्पीड़न का वीडियो और फोटो
सरयू राय ने कहा कि यौन उत्पीड़न के बाद लड़कियों की अश्लील तस्वीर और वीडियो बना ली जाती है और इसे वायरल करने का डर दिखाया जाता है। लोकलाज के भय से लड़कियां चुप हो जाती हैं और यही इस गिरोह की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि डेंटल छात्रा रेप केस मामले में पीड़िता ने जघन्य वारदात को चुपचाप सहन कर लेने की जगह विरोध किया। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिससे आरोपी पकड़े गए। उन्होंने कहा कि रांची एसएसपी ने आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने का यकीन दिलाया है, लेकिन यह नाकाफी होगा। पुलिस को गिरोह का पर्दाफाश करना चाहिए. गिरोह के सरगना तक पहुंचना चाहिए। 

संभव है इस लक्ष्य के अनुरूप होने वाली पुलिसिया जांच में किसी राष्ट्रविरोधी षड्यंत्रकारी समूह के चेहरे पर से पर्दा उठे और इस क्रम में सफ़ेदपोशों का दबाव पुलिस जांच पर पड़े। इसके मद्दे नज़र सरकार गहन जांच के लिए या तो एसआईटी गठित करे या जांच को सीबीआई के हवाले कर दे। 
    

Tags - Ranchi Dentist Rape CaseDentist Rape CaseRanchi Dentist RapeDentist Rape UpdateJharkhand News UpdateJharkhand Latest News UpdateCrime News HindiJharkhand Police