logo

मोहरदा PM आवास में देरी पर भड़के सरयू राय, बोले- गरीबों को मकान नहीं देना क्रूर मजाक; जुडको के खिलाफ CAG जांच की मांग

saryu_jsr_news.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के मोहरदा स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना में मकानों के निर्माण और आवंटन में हो रही देरी को लेकर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने तीखी नाराजगी जताई. निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ कहा कि जुडको (झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी) की कार्यशैली की जांच कराई जानी चाहिए और वह इस मामले में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) को पत्र लिखेंगे. सरयू राय मंगलवार को मोहरदा परियोजना स्थल पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि सोमवार को बड़ी संख्या में लाभुकों ने बिष्टुपुर स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर शिकायत की थी कि मकान पूरी तरह तैयार होने के बावजूद उन्हें चाबी नहीं दी जा रही है. इसके बाद उन्होंने स्थल निरीक्षण किया.
पूरे प्रोजेक्ट में केवल 2 ब्लॉक का निर्माण हुआ पूरा: सरयू राय
निरीक्षण के दौरान सरयू राय ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों ने पेट काटकर योजना के तहत पैसा जमा किया है. कई लोगों ने बैंक से ऋण लिया है और वे एक साथ ईएमआई तथा किराया दोनों भरने को मजबूर हैं. इसके बावजूद उन्हें मकान का कब्जा नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने सरकार को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिन लाभुकों ने बिजली कनेक्शन के लिए राशि जमा कर दी है, वे अब अधिक इंतजार नहीं करेंगे. जब पूरा भुगतान हो चुका है तो लोग धीरे-धीरे घरों में घुसेंगे. सरकार गरीबों का मजाक न बनाये. इसी दौरान सरयू राय ने जुडको पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संस्था की लापरवाही के कारण योजना वर्षों पीछे चली गई है. उन्होंने कहा कि पूरे प्रोजेक्ट में अब तक केवल दो ब्लॉक ही तैयार हो पाए हैं, जबकि कई ब्लॉकों में अभी नींव का काम चल रहा है या निर्माण अधूरा है. शेष ब्लॉक बनने में न जाने कितने साल लग जायेंगे.
तैयार फ्लैटों में बिजली कनेक्शन में देरी क्यों: सरयू राय
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि तैयार फ्लैटों में बिजली कनेक्शन देने में देरी क्यों हो रही है. राय के मुताबिक बिजली विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि जुस्को या जेएनएसी की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होते ही कुछ मिनटों में कनेक्शन दिया जा सकता है. वहीं डीएमसी द्वारा सचिव को पत्र लिखे जाने की जानकारी भी उन्हें दी गई है. राय ने कहा कि उन्होंने स्वयं सचिव से बातचीत की है और सचिव ने स्थिति स्पष्ट करने के लिए दो दिन का समय मांगा है.

किसी मंत्री या मुख्यमंत्री के उद्घाटन के इंतजार में नहीं मिल पा रहा मकान: सरयू
सरयू राय ने आशंका जताई कि संभवतः किसी मंत्री या मुख्यमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम के इंतजार में लाभुकों को मकान नहीं सौंपा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अगर सिर्फ उद्घाटन की औपचारिकता बची है तो उसे ऑनलाइन भी किया जा सकता है, लेकिन गरीबों को और इंतजार कराना उचित नहीं है. उन्होंने कहा कि जब वे जमशेदपुर पूर्वी के विधायक थे, तब नियमित रूप से निर्माण कार्य की निगरानी करते थे और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते थे. उन्होंने दावा किया कि वर्तमान में परियोजना के सात ब्लॉक विवादों और अव्यवस्था में फंसे हुए हैं. वहीं तैयार दो ब्लॉकों में करीब 80 लाभुक बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं और अब सिर्फ मीटर लगना बाकी है.

 

Tags - PM moharda House Moharda House PM PM Awas yojna jamshedpur jamshedpur PM Awas yojna PM Awas Yojna Moharda latest jamshedpur news Jamhsepdur News jamshepur News Updates Latest jamshedpur news