चाईबासा
चाईबासा के सारंडा क्षेत्र के चड़राडेरा जंगल में बुधवार सुबह करीब 8 बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच तीखी मुठभेड़ शुरू हो गई। इस दौरान कोबरा बटालियन-205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत पांच जवान घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश आईईडी विस्फोट की चपेट में आए, जबकि अन्य जवानों को गोली और छर्रे लगे हैं।

घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया
घायलों में जितेंद्र राय के पैर में गोली लगी है, जबकि उत्तम कुमार सेनापति के हाथ और शैलेश कुमार दुबे की गर्दन में गोली लगी है। एक अन्य जवान प्रेम भी पैर में घायल हुए हैं। इनमें से चार घायलों को एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया है, जहां एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जबकि जितेंद्र राय का उपचार स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है।

घेराबंदी में फंसे बड़े नक्सली नेता की आशंका
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने लगभग 10 किलोमीटर के क्षेत्र में नक्सलियों को घेर रखा है। इस अभियान में एक करोड़ के इनामी और पोलित ब्यूरो सदस्य मिसिर बेसरा के मौजूद होने की संभावना जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही और नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही हो सकेगी। सुरक्षाबल लगातार जंगल के भीतर आगे बढ़ते हुए कुख्यात नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा के दस्ते की घेराबंदी किए हुए हैं।