logo

कपाली में शराब पार्टी के दौरान चली गोली, मौके से आरोपी फरार

कपाली में शराब पार्टी के दौरान चली गोली, मौके से आरोपी फरार

सरायकेला-खरसावाँ

सरायकेला-खरसावाँ जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया स्थित गोविंद विद्यालय के समीप शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आपसी कहासुनी के बीच एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह घायल हो गया। गोली उसके पैर में लगी है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गोल्डन नाम के एक अपराधी अपने कुछ साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने ही साथी पर गोली चला दी। गोली युवक के पैर में लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हालत खतरे से बाहर

इधर, सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेजा। घायल का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि गोली युवक के पैर में लगी है तथा उसकी स्थिति स्थिर है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags - liquor drinking dispute violent clash firing incident police investigation