logo

लोहरदगा में बालू माफियाओं का तांडव, अवैध बालू उठाव रोकने पहुंचे सीओ पर हमला

ूददूो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंचे अंचल अधिकारी पर बालू माफियाओं ने हमला कर दिया। इस घटना में अंचल अधिकारी की सरकारी गाड़ी को नुकसान पहुंचा है। मामले को लेकर सेन्हा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार यह घटना मुरकी–सेन्हा पथ पर नूरी सराय पुल के पास हुई। अंचल अधिकारी पंकज कुमार भगत को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध बालू का उठाव किया जा रहा है। सूचना के आधार पर जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उन पर हमला कर दिया।


सीओ द्वारा थाने में दिए गए आवेदन के मुताबिक, सेन्हा नूरी सराय निवासी जैनुल अंसारी के पुत्र दानिश अंसारी, उसकी पत्नी नुसरत जहां और बेटे राशिद अंसारी समेत करीब 10 अज्ञात महिला-पुरुषों ने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडा और बेलचा से हमला किया। इस दौरान ईंट-पत्थर से सीओ की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए गए। हमलावरों ने पकड़े गए ट्रैक्टर से बालू उतारकर वाहन लेकर फरार होने की भी बात कही गई है।


अंचल अधिकारी ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उन्हें रोककर मारपीट करने की कोशिश की और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए। सीओ पंकज कुमार भगत के आवेदन पर सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा ने कांड संख्या 26/26 के तहत सरकारी कार्य में बाधा डालने, हमला करने और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस इंस्पेक्टर सुधीर साहू ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।