logo

साहिबगंज में पदभार संभालते ही एक्शन में DC दीपक कुमार दुबे, JPSC परीक्षा को लेकर दिए निर्देश

A491.jpg

साहेबगंज: 

14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रीलिम्स परीक्षा के सफल और सुचारू संचालन को लेकर साहिबगंज के नए उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने अहम बैठक की। बैठक के दौरान परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची के निर्देशानुसार यह परीक्षा 19 अप्रैल को साहिबगंज में 13 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

2 पालियों में आयोजित की जायेगी परीक्षा
परीक्षा 2 पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक निर्धारित है। दोनों ही पालियों में वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पत्र होंगे, जिनकी अवधि 2-2 घंटे की होगी।

दंडाधिकारियों को पूर्वाभ्यास का दिया निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी को निर्देश दिया कि वे परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन एवं पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की उचित व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

धारा 163 का सख्ती से अनुपालन किया जाये
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 163 का सख्ती से अनुपालन किया जाए तथा अनावश्यक भीड़-भाड़ पर पूर्ण नियंत्रण रखा जाए। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।  जिला प्रशासन द्वारा सभी अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पूर्व पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी की जा सके। सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को

परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, अपर समाहर्त्ता गौतम कुमार भगत, जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उपस्थित थे।

Tags - SahibganjSahibganj DCJPSC Prelims Exam14th JPSC ExamJPSC