logo

मैरिज हॉल में हंगामा: पहली पत्नी पहुंची शादी रोकने, प्रेमी ने कर ली दूसरी शादी

ीहकप.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित अलवा कॉलोनी के एक मैरिज हॉल में सोमवार देर रात बड़ा हंगामा हुआ। सहरसा की रहने वाली रिजवाना खातून (28) अचानक हॉल में पहुंचकर एक युवक की शादी रुकवाने लगी। उसका आरोप था कि दूल्हा फारूक अब्दुल्ला (38) उसका पति है, जिससे उसने 2019 में लव मैरिज की थी। रिजवाना का कहना है कि छह साल से साथ रहने के बावजूद फारूक अब उससे दूरी बना चुका है और चोरी-छिपे दूसरी शादी कर रहा है। उसने दावा किया कि वह अब तक फारूक को 15 लाख रुपये दे चुकी है।

रिजवाना के हंगामे की सूचना पर पटना महिला कोषांग की कोऑर्डिनेटर शिल्पी कुमारी पुलिस के साथ मैरिज हॉल पहुंचीं और दोनों पक्षों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि रिजवाना और फारूक का मामला पहले से कोर्ट में लंबित है। अगर फारूक ने पहली शादी के रहते दूसरी शादी की है, तो यह कानूनन अपराध है, और इसमें शामिल लोगों पर भी कार्रवाई होगी। रिजवाना ने बताया कि उसके पहले पति से तलाक के बाद 2016 में फारूक उसकी जिंदगी में आया और शादी का वादा कर तीन साल तक साथ रखा। बाद में दोनों ने 2019 में लव मैरिज कर ली। वह प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। सोमवार को जब उसे फारूक की दूसरी शादी की जानकारी मिली तो वह सहरसा से तुरंत पटना पहुंचीं और महिला कोषांग में शिकायत दर्ज कराई।

महिला कोषांग और पुलिस ने हॉल पहुंचकर शादी रोकने का निर्देश दिया था, लेकिन देर रात फारूक अब्दुल्ला ने फिर भी दूसरी शादी कर ली। अधिकारियों ने कहा है कि यदि जांच में रिजवाना का दावा सही पाया गया, तो फारूक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।