logo

राजद : नगर निकाय चुनाव में अधिक से अधिक सीट जीतने का लक्ष्य, जिलाध्यक्षों को मिला टास्क

RJD0123.jpg

रांची 
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों पर अधिक से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ पार्टी पूरे दमखम से मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में 30 जनवरी 2026 को प्रदेश राजद कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला, महानगर और प्रकोष्ठ अध्यक्षों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सिंह यादव ने की। बैठक में झारखंड सरकार के श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, प्रधान महासचिव सह पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा, गिरधारी यादव, प्रवक्ता कैलाश यादव, डॉ. मनोज कुमार, रश्मि प्रकाश, सुनीता चौधरी, रंजन यादव, मकबूल हुसैन, विक्रम यादव, तारकेश्वर यादव सहित सभी जिला, महानगर और प्रकोष्ठ अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संयुक्त रूप से अनिता यादव और मनोज पांडेय ने किया।


नगर निकाय चुनाव में समन्वय के साथ लड़ाई का निर्देश
बैठक की जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष और वार्ड पार्षद के चुनाव समन्वय बनाकर पूरी ताकत से लड़े जाएं। भले ही यह चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है, लेकिन राजद समर्थित उम्मीदवारों को हर स्तर पर सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राजद सुप्रीमो लालू यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का स्पष्ट संदेश है कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है और इसके लिए संगठन को प्राथमिकता देनी होगी। 
वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक गौतम सागर राणा ने कहा कि देश आज एक विचित्र परिस्थिति से गुजर रहा है। महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में गोडसे विचारधारा आगे बढ़ती दिख रही है और गांधीवादी सोच पीछे जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि राजद नगर निकाय चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ उतरेगा।


विधायक और पूर्व विधायक को अध्यक्ष पद जिताने का लक्ष्य
पूर्व मंत्री और प्रधान महासचिव सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि वर्तमान चारों विधायक और पूर्व विधायक अपने-अपने जिले में नगर निकाय चुनाव के अध्यक्ष पद को जीतना प्रमुख लक्ष्य बनाएं। उन्होंने कहा कि इसके लिए समन्वय के साथ लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि हर हाल में सफलता हासिल हो।
श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि गोड्डा, देवघर, गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा सहित संथाल और उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में लगातार उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है। नामांकन के बाद रणनीति को अंतिम रूप देते हुए पूरे दम से चुनाव लड़ा जाएगा।
सांप्रदायिक ताकतों से कोई समझौता नहीं
प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने दो टूक कहा कि राजद किसी भी कीमत पर सांप्रदायिक ताकतों के सामने नहीं झुकेगा। पार्टी नफरत की राजनीति का मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में राजद अपने समर्थित उम्मीदवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। यदि सहयोगी दलों के साथ गठबंधन की स्थिति बनती है, तो पार्टी को उस पर भी कोई आपत्ति नहीं होगी। बैठक में जिला और महानगर अध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाएं, मतदाताओं से सीधे संवाद करें और सभी उम्मीदवारों का मनोबल बढ़ाने का काम करें।


 

Tags -  RJD Municipal Elections Urban Local Bodies Lalu Yadav Tejashwi Yadav