द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। उपायुक्त दिनेश यादव के निर्देश पर भंडरिया अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक शिवपत राम को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई 3 फरवरी को हुए जनता दरबार में मिली एक लिखित शिकायत के बाद की गई। शिकायत में कहा गया था कि मौजा जनेवा की एक जमीन (खाता संख्या 111, प्लॉट संख्या 863, रकबा 4.28 एकड़) से जुड़ी जांच रिपोर्ट भेजने के बदले शिवपत राम ने 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत के साथ कॉल रिकॉर्डिंग भी दी गई थी।

मामले की जांच अपर समाहर्ता राज महेश्वरम ने की। जांच में आरोप सही पाए गए। बताया गया कि संबंधित कर्मचारी ने अपने स्पष्टीकरण में पैसे मांगने की बात मान भी ली। इसे सरकारी नियमों के खिलाफ माना गया। इसके बाद झारखंड सरकारी सेवक नियमावली 2016 के तहत उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। सस्पेंशन के दौरान उनका मुख्यालय अंचल कार्यालय खरौंधी तय किया गया है, जहां उन्हें रोज हाजिरी लगानी होगी। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

साथ ही भंडरिया के अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द आरोप पत्र बनाकर विभागीय कार्रवाई शुरू करें। उपायुक्त दिनेश यादव ने साफ कहा है कि जिले में भ्रष्टाचार बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर कोई भी सरकारी कर्मचारी पैसे की मांग करता है तो बिना डर प्रशासन को इसकी जानकारी दें।