द फॉलोअप डेस्क
छोटे बच्चे से प्यार भरे अंदाज में सवाल पूछ रहे ये शख्स बोकारो की डीसी अजय नाथ झा हैं। उन्होंने बच्चे से पूछा तुम्हारी कॉपी ऐसे फट क्यों गई है। बच्चे ने भी मासूमियत भरे अंदाज में कहा चूहे ने खा लिया। यह मामला बोकारो जिले के बेरमो अंतरगर्त प्राथमिक विद्यालय, रिजनल हॉस्पिटल फुसरो का है। डीसी अजय नाथ झा मतदान केंद्रों के निरीक्षण के क्रम में अचानक स्कूल पहुंचे थे। डीसी विद्यालय के बरामदे में बैठकर पढ़ रहे बच्चों की कॉपियां पलट-पलट कर देखने लगे। वे नन्हें बच्चों से पढ़ाई के बारे में सवाल पूछ रहे थे और उनकी लिखावट भी देख रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक नन्हें छात्र, सूरज की कॉपी पर पड़ी, जिसके कई पन्ने फटे हुए थे। डीसी ने पूछा, - तुम्हारी कॉपी क्यों फटी है ? इसपर सूरज ने कहा चूहा खा गया। परिस्थितियों को समझते ही डीसी ने एसडीओ मुकेश मछुआ को तत्काल बच्चों को कॉपियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को स्कूल बैग की व्यवस्था करने को भी कहा, ताकि बच्चे अपनी पढ़ाई की सामग्री सुरक्षित रख सकें।

आगे, कुछ ही देर में उपायुक्त द्वारा अध्ययनरत सभी दस बच्चों के बीच कॉपी बांटा गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं और संचालन व्यवस्था की कमी भी सामने आई। इस पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए बीडीओ को निर्देश दिया कि बच्चों का पठन-पाठन कार्य अविलंब समीप के सामुदायिक केंद्र में अस्थायी रूप से शिफ्ट कराया जाए। साथ ही डीईओ जगरनाथ लोहरा को विद्यालय की मरम्मत से संबंधित प्रस्ताव अविलंब जिला मुख्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बच्चों के साथ बात भी की। उन्होंने सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे, जिनमें फरवरी माह में कितने दिन होते हैं ? भी शामिल था। बच्चों ने उत्साहपूर्वक जवाब देकर अपनी तैयारी दिखाई।
