द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
Ranchi News:- रांची के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के छोटा घाघरा निवासी मोनिका कच्छप के दुबई में फंसने का मामला सामने आया है। परिवार का आरोप है कि विदेश में अच्छी नौकरी, भोजन और रहने की सुविधा दिलाने का भरोसा देकर मोनिका को एक एजेंसी के जरिए यूएई भेजा गया। इस मामले में मोनिका की मां रतना कच्छप ने एयरपोर्ट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई करने के साथ बेटी को सुरक्षित भारत वापस लाने की गुहार लगायी है।

एजेंट के संपर्क में आने के बाद भेजे 15 हजार रुपये
परिवार के मुताबिक, ऑनलाइन माध्यम से मोनिका की संपर्क एएमडी ट्रेंड सॉल्यूशन एलएलसी की एजेंट प्रियंका से हुआ था। आरोप है कि प्रियंका ने विदेश में बेहतर नौकरी का भरोसा देकर मोनिका को अपने झांसे में लिया। उसके कहने पर अलग-अलग माध्यमों से करीब 15 हजार रुपये भी ट्रांसफर कराये गये। इसके बाद छह मई को मोनिका को शारजाह पहुंचाया गया। परिवार का आरोप है कि एयरपोर्ट पहुंचने के बाद एजेंसी के ड्राइवर ने उसका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लिया और उसे अजमान स्थित कार्यालय ले जाया गया।

मोबाइल छीना, चैट डिलीट कर फर्जी लोन का आरोप
परिवार का आरोप है कि अजमान कार्यालय में रितेश और मोहम्मद मेराज अंसारी नाम के लोगों ने मोनिका से कथित तौर पर अरबी भाषा में लिखे कागजात पर जबरन हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान करवाये। इसके बाद उसका मोबाइल भी ले लिया गया और व्हाट्सऐप की चैट डिलीट कर दी गयी। आरोप है कि मोनिका पर 12,600 दिरहम का फर्जी लोन होने की बात कही गयी और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गयी। फिलहाल मोनिका के दुबई के अबू बकर मेट्रो स्टेशन के पास फंसे होने की बात परिवार ने बतायी है। परिवार ने पुलिस से मामले की जांच कर बेटी को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है।