logo

रांची यूनिवर्सिटी में शैक्षणिक अव्यवस्था पर भड़के छात्रों ने घेरा VC कार्यालय, रखी ये मांगें

ru_protest.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

रांची विश्वविद्यालय में लगातार बिगड़ती शैक्षणिक व्यवस्था के खिलाफ आज छात्रों का आक्रोश खुलकर सामने आया। आजसू छात्र संघ और NSUI के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने शहीद चौक स्थित रांची विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में VC कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान आक्रोशित छात्रों ने VC चैम्बर के बाहर काफी देर तक हंगामे और नारेबाजी की। वहीं अलग - अलग कॉलेज से आए छात्रों ने बताया कि विश्वविद्यालय का सत्र (सेशन) लगातार लेट चल रहा है, जिससे उनकी पढ़ाई और भविष्य दोनों पर गंभीर असर पड़ रहा है। समय पर परीक्षा नहीं होना और परिणामों में देरी ने छात्रों को मानसिक तनाव और असमंजस की स्थिति में डाल दिया है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर पूरी तरह उदासीन बना हुआ है।

प्रदर्शनकारियों छात्रों ने यह भी बताया कि रांची विश्वविद्यालय के पीजी नामांकन सत्र (2025–27) का अब तक प्रारंभ नहीं होना बेहद चिंताजनक है। झारखंड के सबसे बड़े विश्वविद्यालयों में से एक होने के बावजूद भी लगातार सेशन लेट, समय से न ही परीक्षा न ही परिणाम आ पाना रांची विश्वविद्यालय के प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। इससे हजारों छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। वहीं छात्र नेताओं ने राज्यपाल और झारखंड सरकार से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सत्र को नियमित करने, परीक्षा और परिणाम समय पर जारी करने तथा पीजी नामांकन शुरू करने को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। छात्रों की इस चेतावनी के बाद अब सभी की नजर रांची विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर टिकी हुई है।

Tags - Ranchi University student protest academic mismanagement session delay AJSU student union NSUI university administration exam delay result delay student anger