logo

रांची में टाइगर मोबाइल जवानों की होगी ट्रांसफर-पोस्टिंग, SSP राकेश रंजन ने दिए निर्देश

रांची में टाइगर मोबाइल जवानों की होगी ट्रांसफर-पोस्टिंग, SSP राकेश रंजन ने दिए निर्देश

द फॉलोअप डेस्क, रांची: 

राजधानी रांची में टाइगर मोबाइल जवानों की ट्रांसफर-पोस्टिंग की तैयारी की जा रही है। लंबे समय से एक ही थाना क्षेत्र में तैनात जवानों को दूसरे क्षेत्रों में भेजा जाएगा। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं। खासकर करीब पांच साल या उससे अधिक समय से एक ही जगह तैनात जवानों की तैनाती में बदलाव किया जाएगा। दरअसल, बुधवार को एसएसपी राकेश रंजन सुखदेवनगर थाना में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से वन-टू-वन बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

लोगों ने पुलिसिंग में कमियों, छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं, अड्डेबाजी, खुले में शराबखोरी और नशे के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी शिकायतें रखीं। कुछ लोगों ने कहा कि पुलिस कार्रवाई तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं दिख रहा है। लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद एसएसपी ने पुलिसिंग में सुधार और अपराध नियंत्रण को लेकर जरूरी कदम उठाने की बात कही।

लंबे समय से तैनात जवानों की बदलेगी जगह

एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में समय-समय पर ट्रांसफर-पोस्टिंग सामान्य प्रक्रिया है। लंबे समय तक एक ही थाना क्षेत्र में रहने से पुलिसकर्मी वहां की परिस्थितियों के आदी हो जाते हैं। ऐसे में दूसरे जवानों को जिम्मेदारी देने से पुलिसिंग में सुधार और अपराध नियंत्रण में मदद मिल सकती है।

जिले के थानों में हो रहा जन शिकायत कार्यक्रम

एसएसपी ने बताया कि रांची जिले के विभिन्न थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में वह सुखदेवनगर थाना पहुंचे थे। यहां बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर आए और पुलिसिंग से जुड़ी शिकायतें रखीं। एसएसपी ने लोगों की बात सुनी और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।

Tags - Ranchi Police Tiger Mobile SSP Rakesh Ranjan Transfer Posting