द फॉलोअप डेस्क
रांची के SSP ने 14 जुलाई की देर रात एसपी सिटी के साथ शहर के विभिन्न थानों, रात्रि गश्ती व्यवस्था और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन और आम लोगों के लिए उनकी उपलब्धता का जायजा लिया गया। साथ ही विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात गार्डों की ड्यूटी की भी गहन जांच की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न रहे।

हिंदपीढ़ी थाना में मिली लापरवाही, थाना प्रभारी को नोटिस
निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में अनुशासनहीनता सामने आई। ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी में नहीं मिले, जबकि थाना प्रभारी को अपने ही ओडी अधिकारी का नाम तक पता नहीं था। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

पीसीआर वैन की भी हुई जांच
एसएसपी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात पीसीआर वैन की भी जांच की और उनकी सक्रियता का आकलन किया। इस दौरान पूरी ईमानदारी और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों की सराहना भी की गई। निरीक्षण के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए और रात के समय कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
