द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दुर्लभ प्रजाति के रेड सैंड बोआ सांप के साथ एक युवक को पकड़ा है। आम बोलचाल में इस सांप को दोमुंहा सांप कहा जाता है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित संपेरा बस्ती के रहने वाले दिलू नाथ के रूप में हुई है। उसे न्यूक्लियस मॉल के पास सर्कुलर रोड से पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके झोले से सांप बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने वन विभाग को मामले की सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने सांप को अपने संरक्षण में ले लिया। पुलिस से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप को अपने कब्जे में लेकर बिरसा मुंडा जैविक उद्यान, ओरमांझी भेज दिया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बरामद सांप की उम्र लगभग दो से तीन वर्ष है। रेड सैंड बोआ उत्तर प्रदेश के अलावा झारखंड के भी कुछ इलाकों में पाया जाता है। इसका सिर देखने में दो हिस्सों जैसा प्रतीत होता है, इसी वजह से इसे आमतौर पर दोमुंहा सांप कहा जाता है।

लकी बताकर किया जाता है कारोबार
रांची के डीएफओ श्रीकांत वर्मा ने बताया कि पुलिस से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सांप दिखाकर लोगों के साथ ठगी कर रहा है। इसके बाद युवक को थाने में रखे जाने की जानकारी मिलने पर वन विभाग की टीम वहां पहुंची। जांच के दौरान उसके पास रेड सैंड बोआ सांप मिला। डीएफओ के मुताबिक, इस दुर्लभ प्रजाति के सांप को कथित तौर पर भाग्यशाली बताकर इसका कारोबार किया जाता है। इसी धारणा का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करने और ठगी करने की आशंका भी रहती है।

वन विभाग ने दर्ज कराई प्राथमिकी
वन विभाग ने सांप को सुरक्षित स्थान पर भेजने के साथ ही इस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है। पुलिस और वन विभाग की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक सांप को कहां से लेकर आया था और रांची में उसे दिखाने या बेचने के पीछे उसका क्या उद्देश्य था। साथ ही, इस मामले में वन्यजीवों के अवैध कारोबार से जुड़े किसी नेटवर्क की भूमिका होने की संभावना की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल जांच के निष्कर्ष सामने आने का इंतजार है।