द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
हजारीबाग और रांची में गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम देने वाले राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार शाम धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में पुलिस और गिरोह के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में सौरभ नामक अपराधी को गोली लगी। पुलिस ने घायल अपराधी समेत गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह ने गुरुवार रात हजारीबाग के एके इंटरनेशनल होटल के बाहर गोलीबारी की थी। इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे रांची के कांके इलाके में भी फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।

सीठियो में घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
दो जिलों में लगातार गोलीबारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य धुर्वा के सीठियो इलाके में मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की, लेकिन अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरभ को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने मौके से सभी पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, मोहित कुमार, ऋषभ और गोली लगने से घायल सौरभ के रूप में हुई है।

तीन पिस्टल, चार मैगजीन और स्विफ्ट कार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की हैं। इसके अलावा हजारीबाग और रांची में गोलीबारी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक भी मिली है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर गिरोह की अन्य गतिविधियों और दोनों गोलीबारी की घटनाओं से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
