द फॉलोअप डेस्क
रांची नगर निगम ने संपत्ति कर संग्रण में रिकार्ड आंकड़ा दर्ज किया है। पिछले पांच वर्षों में यह राशि दोगुणी होकर 101 करोड़ आंकड़ा पार कर गया है। 2020-21 में जहां राजस्व संग्रहण 51.35 करोड़ दर्ज किया गया था, 31 मार्च को समाप्त हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में यह आंकड़ा 101.99 करोड़ जा पहुंचा है। निगम के अधिकारी इसे शहरी वित्तीय प्रबंधन एवं राजस्व सुदृढ़ीकरण को मुख्य कारक बताया है। एक नयी उपलब्धि के रूप में 31 मार्च को नगर निगम का राजस्व संग्रहण 1.59 करोड़ हुआ है, जो विशेष अभियान का हिस्सा रहा। यह भी रांची नगर निगम की बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। इसके अलावा 23 करोड़ का राजस्व ऑनलाइन माध्यम से निगम को प्राप्त हुआ। हालांकि राजस्व वृद्धि के अनुरूप अब आम नागरिकों की नगरीय सुविधा में दोगुणी वृद्धि निगम के दायित्व बोध के रूप में चुनौती के रूप में भी खड़ा है।

यहां मालूम हो कि रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव के नेतृत्व में पिछले 6 माह के दौरान राजस्व वृद्धि को मिशन मोड में लेते हुए कई सशक्त कदम उठाए गए। व्यापक डोर-टू-डोर सर्वे एवं सत्यापन, शहर के सभी वार्डों में विशेष अभियान चलाकर अज्ञात एवं छूटे हुए होल्डिंग्स की पहचान की गई। संपत्तियों के भौतिक सत्यापन के माध्यम से टैक्स बेस को मजबूत किया गया। वार्ड-स्तरीय लक्ष्य एवं दैनिक मॉनिटरिंग,प्रत्येक वार्ड के लिए स्पष्ट राजस्व लक्ष्य निर्धारित किए गए। दैनिक एवं साप्ताहिक समीक्षा के माध्यम से प्रगति की निरंतर निगरानी की गई। कम प्रदर्शन वाले क्षेत्रों में विशेष फोकस ड्राइव चलाए गए। डिजिटल प्रणाली को प्रभावी बनाया गया। बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई की गयी। इसके अलावा नागरिक सहभागिता और जागरुकता के साथ साथ फील्ड टीमों की सक्रियता एवं समन्वय को प्रभावी बनाया गया।

पिछले पांच वर्षों में राजस्व उपलब्धियों का विवरण
वर्ष 2020-21: ₹ 51,35,90,833.48
वर्ष 2021-22 : ₹ 58,03,07,444.37
वर्ष 2022-23 : ₹ 67,78,04,325.69
वर्ष 2023-24 : ₹ 69,71,97,482.18
वर्ष 2024-25 : ₹ 83,57,83,341.51
वर्ष 2025-26 : ₹ 101.99 करोड़ (इस प्रेस विज्ञप्ति के लिखे जाने तक का आंकड़ा)

उपलब्धि पर क्या कहते हैं नगर आयुक्त
नगर आयुक्त सुशांत गौरव का कहना है कि यह उपलब्धि नगर निगम की पूरी टीम, टैक्स कलेक्शन एजेंसी एवं नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में GIS आधारित मैपिंग, उन्नत डिजिटल निगरानी एवं डेटा-आधारित निर्णय प्रणाली को और सुदृढ़ किया जाएगा, जिससे राजस्व प्रणाली और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी। रांची नगर निगम का यह मॉडल दर्शाता है कि यदि प्रशासनिक इच्छाशक्ति, तकनीकी नवाचार एवं जनसहभागिता का समुचित समन्वय किया जाए, तो शहरी निकाय अपनी वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। रांची नगर निगम की ओर से इस उपलब्धि के लिए सभी सम्मानित नागरिकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया जाता है। हम विशेष रूप से उन जागरूक नागरिकों को धन्यवाद देते हैं, जो शहर के समग्र विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए संपत्ति कर का नियमित एवं समय पर भुगतान कर रहे हैं। निगम द्वारा संकलित इस राजस्व का उपयोग नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं अधिक आकर्षक बनाने हेतु किया जाएगा।
.jpg)