द फॉलोअप डेस्क
RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार तेजस्वी यादव रांची पहुंचे, जहां झारखंड आरजेडी की ओर से उनके सम्मान में भव्य अभिनन्दन समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पार्टी के तमाम विधायक, मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर झारखंड सरकार में राजद कोटे से मंत्री संजय प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे गर्व है कि पहली बार मंच संचालन महिला कर रही हैं। हमारे नेता लालू यादव और तेजस्वी यादव जो आदेश देंगे, उसके लिए हम अपना खून-पसीना बहा देंगे। झारखंड का हर नौजवान आपके साथ है।” वहीं झारखंड RJD प्रभारी जयप्रकाश यादव ने कहा कि तेजस्वी यादव ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान पूरी ताकत झोंकी थी। उन्होंने आगे कहा, “जिस विचारधारा को लालू जी ने चलाया, उसमें किसी के साथ अन्याय नहीं हुआ। बिहार विधानसभा चुनाव में अगर मतों का हरण नहीं होता, तो बिहार का अगला मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होते।”

RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार तेजस्वी यादव रांची पहुंचे जहां उन्होंने अभिनन्दन समारोह के दौरान अपने संबोधन में कहा कि बड़ी जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला कार्यक्रम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत और व्यापक बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा, “अभी हम केरल में तीन सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जहाँ हमारी ताकत होगी, वहां हम चुनाव लड़ेंगे। पार्टी का विस्तार और मजबूती हमारी प्राथमिकता है, और हमें झारखंड की जनता पर पूरा भरोसा है।” उन्होंने झारखंड में पिछले चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि 7 सीटों में चुनाव लड़े, दो सीटों पर फ्रेंडली फाइट हुआ, लेकिन हम लोग चार सीट जीतने में सफल रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उस समय दंगा-फसाद फैलाने वाली ताकतों को कामयाब नहीं होने दिया। तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि झारखंड में राजद को मजबूत करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि टीम बनाकर हर जिले का दौरा किया जाए। उन्होंने बिहार में हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि मशीन और धन तंत्र के उपयोग के बावजूद आरजेडी के वोटों में बढ़ोतरी हुई है।

तेजस्वी यादव ने कहा, “लोग चाहते हैं कि पार्टी को तोड़ा जाए, लेकिन कोई भी तानाशाह या दबाव आरजेडी को तोड़ नहीं सकता। झारखंड में अन्नपूर्णा देवी की अलग राह अपनाने के बावजूद पार्टी नहीं टूटी। जो लड़ता है वही जीतता है। हमलोग लड़ाई लड़ते हैं चाहे किसी भी सेंट्रल जांच एजेंसी द्वारा क्यों न हमें तंग किया जा रहा हो।” उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि हर दिन कम से कम एक घंटा RJD के काम में दिया जाए, ताकि पार्टी और मजबूत हो। तेजस्वी यादव ने झारखंड में जल, जंगल और जमीन के मुद्दों पर पार्टी की भूमिका को भी रेखांकित किया और कहा कि पार्टी हर संघर्ष में पूरी ताकत से खड़ी है। उन्होंने भाजपा को हराने के लिए पार्टी को पूरी मेहनत करने और आने वाले चुनावों में अधिक सीटें जीतने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने परिसीमन की प्रक्रिया और सीटों की संख्या बढ़ने के कारण अतिरिक्त मेहनत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। तेजस्वी यादव का रांची दौरा न केवल पार्टी के संगठनात्मक विस्तार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि इससे झारखंड में आगामी चुनावों के लिए रणनीति और चुनावी तैयारी पर भी प्रकाश पड़ा है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के नेतृत्व में झारखंड में आरजेडी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।