द फॉलोअप डेस्क
रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित मेहता रेस्टोरेंट में सोमवार की रात एक बड़े हंगामे की घटना घटी। बताया जा रहा है कि शाकाहारी भोजन की जगह मांसाहारी व्यंजन परोसा गया। घटना के अनुसार, रामगढ़-हजारीबाग एरिया के जीएसटी अधिकारी दीपक पांडेय अपने परिवार के साथ अपने बेटे का जन्मदिन मनाने मेहता रेस्टोरेंट पहुंचे थे। खुशी का माहौल था और परिवार ने वेज मिक्स चाऊमीन सहित कई शाकाहारी व्यंजन ऑर्डर किए थे। दुर्भाग्यवश, वेटर ने नॉनवेज मिक्स चाऊमीन परोस दी। जब परिवार को यह पता चला, तो वे आगबबूला हो गए और नॉनवेज भोजन को फेंक दिया। इसके बाद रेस्टोरेंट में तनावपूर्ण माहौल बन गया और विवाद बढ़ गया। परिवार ने रेस्टोरेंट कर्मचारियों और संचालक की लापरवाही पर कड़ा विरोध जताया और अंततः थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी का कहना है कि यह घटना केवल सेवा की कमी नहीं, बल्कि उनके धार्मिक और व्यक्तिगत भावनाओं को भी चोट पहुंचाने वाली थी।
