logo

रांची की मिठाई दुकान में मिठाइयों के पास मिले कॉकरोच, संचालक को नोटिस

रांची की मिठाई दुकान में मिठाइयों के पास मिले कॉकरोच, संचालक को नोटिस

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
रांची के कांके रोड स्थित मां तारा मिष्ठान्न भंडार में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच के दौरान साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं। गुरुवार को निरीक्षण के दौरान मिठाइयों के आसपास कॉकरोच दिखाई दिए। इसके अलावा खाद्य पदार्थों के डिब्बों पर अनिवार्य लेबलिंग भी नहीं पाई गई। विभाग ने इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए प्रतिष्ठान के संचालक को नोटिस जारी किया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान मिली अनियमितताओं के संबंध में दुकान संचालक से जवाब मांगा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जवाब संतोषजनक नहीं होने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रतिष्ठान के खिलाफ मामला दर्ज किया जा सकता है। संचालक का पक्ष सामने आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


पहले भी कई प्रतिष्ठानों में मिली थीं गड़बड़ियां
रांची में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक रेस्टोरेंट की जांच में 3.5 किलोग्राम खराब पनीर मिला था, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं, 12 अक्टूबर को चांदनी चौक स्थित कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच और एक्सपायरी मिठाइयां मिलने के बाद कार्रवाई की गई थी।


मोरहाबादी में 40 फूड स्टॉलों की हुई थी जांच
इससे पहले 9 अक्टूबर को मोरहाबादी क्षेत्र में 40 फूड स्टॉलों का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे नष्ट कराया गया। लगातार सामने आ रही इन अनियमितताओं के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित नियमों के पालन को सुनिश्चित करना है।

Tags - Ranchi Food Safety Maa Tara Misthan Bhandar Cockroaches In Sweets Food Safety Department