द फॉलोअप डेस्क
रांची के कांके थाना क्षेत्र की चैड़ी बस्ती के ग्रामीणों ने बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी कि पोटपोटो नदी के किनारे खून बिखरा पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि मंगलवार देर रात गोली चलने की आवाज भी सुनाई दी थी। सूचना मिलने पर कांके थाना प्रभारी कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने तेज बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच लगातार तीन दिनों तक सर्च अभियान चलाया। अभियान में दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी जुटे रहे, लेकिन घटनास्थल से शव बरामद नहीं हो सका।

एक किलोमीटर दूर नदी से मिला शव
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर अरसंडे के जय प्रकाश नगर के समीप नदी से शव बरामद किया। शव की पहचान कांके थाना क्षेत्र के चामा निवासी राजन तिर्की (25) के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि शव के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
.jpeg)
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस अब घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे क्या कारण था और राजन तिर्की की हत्या किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। अभियान के दौरान ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी और डीएसपी अमर पांडेय के मार्गदर्शन में कांके पुलिस की भूमिका महत्वपूर्ण रही। पुलिस नदी के किनारे मिले खून के निशान, गोली चलने की सूचना और बरामद शव को जोड़कर पूरे मामले की जांच कर रही है।