रांची
राजधानी रांची में आदिवासी महिलाओं के साथ कथित अपमानजनक घटना को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने इस मामले को शर्मनाक बताते हुए राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना समाज और व्यवस्था दोनों के लिए चिंताजनक है।
चंपाई सोरेन ने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों के चेहरे पर कालिख पोतकर और गले में तख्ती डालकर घुमाना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही राज्य में महिलाओं के सम्मान की स्थिति है?
उन्होंने कहा कि किसी पर आरोप लगाकर इस तरह सार्वजनिक रूप से अपमानित करना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला
उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन इस पूरे मामले में मूकदर्शक बना रहा। अगर ऐसी घटना किसी अन्य जगह होती, तो बड़ा बवाल खड़ा हो जाता, लेकिन यहां सरकार की चुप्पी चिंता बढ़ाने वाली है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
चंपाई सोरेन ने अपने बयान में NCRB के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में 10,000 से अधिक दुष्कर्म, 11,000 अपहरण, 9,000 से ज्यादा हत्याएं और 60,000 से अधिक चोरी की घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में पुलिस-प्रशासन से क्या उम्मीद की जा सकती है। भाजपा नेता ने कहा कि अगर सरकार में थोड़ी भी संवेदनशीलता बची है, तो इस मामले में दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई न जाएं।
