logo

रांची में किन्नरों संग मारपीट के बाद उत्पाद विभाग ने बार किया सील, संचालक को नोटिस

BARR.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची के अरगोड़ा चौक के पास स्थित एक बार में डांस कार्यक्रम के दौरान किन्नरों और ग्राहकों के बीच हुए विवाद और मारपीट के मामले में उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने रविवार को बार की जांच के बाद उसे सील कर दिया। साथ ही बार संचालक वीरेन साहु को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह जानकारी उत्पाद विभाग की ओर से दी गई। शनिवार की देर रात बार में पहुंचे कुछ ग्राहकों और डांस प्रस्तुत कर रही किन्नरों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना की जानकारी मिलने पर रविवार शाम विभागीय टीम बार पहुंची और पूरा परिसर खंगाला। टीम ने सीसीटीवी फुटेज भी जांचा, जिसमें सामने आया कि बार प्रबंधन की ओर से किन्नरों से डांस करवाया जाता था और ग्राहकों को शराब परोसने के लिए भी उनका उपयोग किया जाता था।

जांच टीम में उत्पाद निरीक्षक संजय कुमार, रजनीश कुमार, प्रकाश मिश्रा, अवर निरीक्षक पंकज कुमार, श्वेता कुमारी सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान कई अनियमितताएँ पाई गईं, जिनकी विस्तृत रिपोर्ट विभाग को सौंपी जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। उत्पाद विभाग ने बार मालिक वीरेन साहु को नोटिस भेजकर पूछा है कि क्या किन्नरों से डांस कराने की अनुमति विभाग से ली गई थी और बार में उत्पन्न हुई विधि-व्यवस्था समस्या के लिए कौन जिम्मेदार है। संचालक को तीन दिनों के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

घटना के दौरान किन्नरों और नशे में धुत्त कुछ ग्राहकों के बीच झड़प इतनी बढ़ गई कि गाली-गलौज और धक्का-मुक्की होने लगी। कुछ ग्राहकों ने किन्नरों के साथ मारपीट भी कर दी। इसके बाद किन्नरों का समूह बार से बाहर आकर सड़क पर उतर गया और जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब किन्नरों को सड़क से हटाने की कोशिश की, तो वे उलझ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस कुछ देर वहां से हट गई। बाद में कार्रवाई के आश्वासन पर किन्नरों को सड़क से हटाया गया और यातायात सामान्य कराया गया।