द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। 2027 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत रांची को मिले टेस्ट मैच की मेजबानी पर अब संशय की स्थिति बनती दिख रही है। BCCI के घोषित कार्यक्रम के मुताबिक पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का चौथा मुकाबला 19 से 23 फरवरी 2027 तक रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाना है। हालांकि, रिपोर्टों में इस मैच के वेन्यू में बदलाव को लेकर चर्चा चलने की बात कही जा रही है। रांची में फरवरी के दौरान दिन की रोशनी जल्दी कम होने को लेकर चिंता जताई गई है। टेस्ट मैच में हर दिन निर्धारित ओवर पूरे करना जरूरी होता है, ऐसे में रोशनी कम होने के कारण खेल जल्दी रोकना पड़ा तो मैच के कुल खेल समय पर असर पड़ सकता है।

टीम प्रबंधन ने BCCI के सामने रखी चिंता
रिपोर्ट के अनुसार टीम प्रबंधन की ओर से BCCI के सामने रांची के वेन्यू से जुड़ा यह मुद्दा उठाया गया है। टीम प्रबंधन चाहता है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से महत्वपूर्ण इस सीरीज में ऐसे स्थान और समय तय किए जाएं, जहां पांचों टेस्ट में अधिक से अधिक खेल संभव हो सके। हालांकि, रांची के मुकाबले को लेकर अभी BCCI की ओर से वेन्यू बदलने की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल यह मैच तय कार्यक्रम के अनुसार JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में ही प्रस्तावित है।

नागपुर से शुरू होगी पांच टेस्ट मैचों की सीरीज
BCCI ने मार्च 2026 में भारत के 2026-27 घरेलू सत्र का कार्यक्रम जारी किया था। इसके अनुसार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज का पहला टेस्ट 21 जनवरी को नागपुर, दूसरा 29 जनवरी को चेन्नई और तीसरा 11 फरवरी को गुवाहाटी में खेला जाना है। इसके बाद चौथा टेस्ट 19 फरवरी से रांची में, जबकि पांचवां और आखिरी मुकाबला 27 फरवरी से अहमदाबाद में निर्धारित है। रांची के मैच के वेन्यू को लेकर चल रही चर्चा के बीच अब अंतिम फैसला BCCI की ओर से लिया जाना बाकी है।