द फॉलोअप डेस्क
रांची स्थित बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जल्द ही उड़ान यात्री कैफे शुरू किया जाएगा। इस पहल के तहत हवाई यात्रियों को कम कीमत पर चाय, नाश्ता और पानी की बोतल जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक और किफायती बन सके।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने की तैयारी
एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने बताया कि यह योजना देश के कई प्रमुख एयरपोर्ट पर पहले ही लागू की जा चुकी है और अब रांची में भी इसे शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है और एयरपोर्ट अथॉरिटी के निर्देश मिलते ही इसे शुरू कर दिया जाएगा। इस कैफे का उद्देश्य यात्रियों को महंगे खानपान से राहत देना और उन्हें उचित दरों पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।

देश के कई शहरों में मिल रहा लाभ
इस योजना की शुरुआत हाल ही में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू द्वारा देश के कई शहरों—जम्मू, चंडीगढ़, अमृतसर, वाराणसी, पटना, कोलकाता, अगरतला, भुवनेश्वर, विजयवाड़ा, चेन्नई, कोयंबटूर, पुणे, सूरत और राजकोट—में की गई है। यहां यात्रियों को 10 रुपये में चाय, 20 रुपये में समोसा और 10 रुपये में पानी की बोतल मिल रही है, जिससे खासकर आम और मध्यम वर्ग के यात्रियों को राहत मिल रही है।