द फॉलोअप, रामगढ़
रामगढ़ के रजरप्पा कोयलांचल में डीजल चोरी का खेल नया नहीं है, लेकिन इस पर रोक लगाने के लिए सीसीएल का सुरक्षा विभाग लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एक अज्ञात व्यक्ति का पीछा किया गया, जिसके बाद टीम कोहरा गांव पहुंची। यहां एक घर की तलाशी के दौरान 200 लीटर क्षमता वाले ड्रम में करीब 100 लीटर डीजल भरा हुआ मिला, जिसे स्थानीय पुलिस की मदद से जब्त कर लिया गया। इसके अलावा कई गैलन भी बरामद किए गए। इससे एक दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक अलग कार्रवाई के दौरान मारुति वैन में लदे कई गैलन डीजल बरामद किए गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से कोयलांचल क्षेत्र में अवैध डीजल कारोबार के सक्रिय नेटवर्क का संकेत मिल रहा है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच को आगे बढ़ा रही हैं।

सीसीएल की शिकायत पर FIR दर्ज
क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा ने बताया कि मामले में रजरप्पा थाना में लिखित शिकायत दी गई है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। एफआईआर में महेंद्र महतो, निवासी कोइहारा, थाना रजरप्पा को आरोपी बनाया गया है। उसके खिलाफ कांड संख्या 52/2026, 4/5/2026 के तहत धारा 317(2), 317(5), 303(2), 3(5) बीएनएस 2023 में मामला दर्ज कर जांच जारी है।

सीसीएल सुरक्षा विभाग की बड़ी उपलब्धि
सीसीएल प्रबंधन ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है। सुरक्षा विभाग का कहना है कि डीजल चोरी पर रोक लगने से कंपनी को होने वाले बड़े आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी। प्रबंधन ने कहा है कि ऐसे मामलों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि कोयलांचल क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।