रांची
प्रणव झा को कांग्रेस ने झारखंड से राज्यसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवार बनाया है। उनका नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रणव झा कौन हैं और पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा क्यों जताया है।
कांग्रेस संगठन में लंबा अनुभव
प्रणव झा लंबे समय से कांग्रेस के केंद्रीय संगठन में सक्रिय रहे हैं। 2017 में उन्हें कांग्रेस के संचार विभाग (Communication Department) में AICC सचिव (Secretary In-charge Communication) की जिम्मेदारी दी गई थी। इससे पहले वे मीडिया कोऑर्डिनेटर के रूप में काम कर चुके थे।
खड़गे के भरोसेमंद सहयोगी
जब Mallikarjun Kharge कांग्रेस अध्यक्ष बने, तब उनके कार्यालय को मजबूत करने के लिए जिन चार नेताओं को विशेष समन्वयक (Coordinator) बनाया गया था, उनमें प्रणव झा भी शामिल थे। उनकी भूमिका संगठन और कांग्रेस अध्यक्ष कार्यालय के बीच समन्वय स्थापित करने की थी। अगस्त 2024 में कांग्रेस के बड़े संगठनात्मक फेरबदल में प्रणव झा को AICC सचिव बनाया गया। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी देकर संगठन में उनकी बढ़ती भूमिका को स्पष्ट किया।

झारखंड से राज्यसभा उम्मीदवार क्यों?
कांग्रेस नेतृत्व ने झारखंड से ऐसे चेहरे को आगे बढ़ाया है जो संगठन के भीतर काम करने के लिए जाने जाते हैं और दिल्ली नेतृत्व के भरोसेमंद माने जाते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनका चयन संगठनात्मक निष्ठा और केंद्रीय नेतृत्व के साथ करीबी कार्य संबंधों का परिणाम है। कांग्रेस की आधिकारिक सूची में झारखंड सीट के लिए उनके नाम की घोषणा की गई।