धनबाद
झरिया विधानसभा से बीजेपी की विधायक रागिनी सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान झारखंड के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य, संगठनात्मक विषयों तथा जनसरोकार से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा एवं मंथन हुआ। मुलाकात के दौरान रागिनी सिंह ने झरिया विधानसभा क्षेत्र सहित झारखंड के विभिन्न जनमुद्दों और जनता से जुड़े विषयों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान और जनता के हितों को प्राथमिकता देते हुए लगातार सक्रियता के साथ कार्य किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।

जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने को लेकर मार्गदर्शन
उन्होंने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और जनता के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने को लेकर मार्गदर्शन दिया। रागिनी सिंह ने मुलाकात को आत्मीय एवं प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन, स्नेह और अनुभव कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनसेवा के संकल्प को पूरी निष्ठा से आगे बढ़ाने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है। संगठन के मार्गदर्शन में जनहित के कार्यों को और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
.jpeg)