द फॉलोअप डेस्क
खूंटी में आदिवासी नेता सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में आज आदिवासी संगठनों ने झारखंड बंद बुलाया है। इस बंद को 16 आदिवासी संगठनों ने समर्थन दिया है। राजधानी रांची के अलबर्ट एक्का चौक पर भी लोगों ने बंद किया है। टायर जलाकर प्रदर्शन किया जा रहा है। कुछ दुकानों को भी बंद कराया गया है। हांलाकि बंद का व्यापक अवसर को देखने को नहीं मिल रहा है। कम संख्या में ही लेकिन वाहनों का आवागमन हो रहा है। प्रदर्शनकारियों द्वारा लगातार नारेबाजी की जा रही है। खूंटी, सिमडेगा और आसपास के इलाकों में सड़कों पर गाड़ियों की संख्या कम दिख रही है। खूंटी से सटे इलाके में सड़क पर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। दरअसल, आज के बंद का केंद्र खूंटी है इस वजह से यहां सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बंद के मद्देनजर जिला प्रशासन ने खूंटी जिला मुख्यालय समेत सभी प्रखंडों में कुल 42 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की है। दरअसल सोमा मुंडा की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी और न्याय की मांग को लेकर विभिन्न आदिवासी संगठनों ने आज एक दिवसीय झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद का असर खूंटी जिले में अधिक रहने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को आदिवासी संगठनों ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला था। इस दौरान लोगों से झारखंड बंद को सफल बनाने की अपील की गई थी। आदिवासी जनपरिषद के अध्यक्ष प्रेमशाही मुंडा ने कहा था कि सोमा मुंडा एक समाजसेवी थे और 56 गांवों के पारंपरिक ‘एदेल संगा पड़हा राजा’ भी थे।
