logo

धनबाद : बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, 3 महिलाओं की बेरहमी से पिटाई

बच्चा चोरी की अफवाह पर बवाल, 3 महिलाओं की बेरहमी से पिटाई

धनबाद

जिले में बच्चा चोरी की अफवाह ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती दे दी। मंगलवार को ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र के निछानी पुल के पास उग्र भीड़ ने तीन महिलाओं को बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर पहुंची पुलिस की गाड़ी पर भी चप्पल और जूते फेंके गए।
जानकारी के अनुसार, निछानी पुल के समीप अचानक बच्चा चोरी की चर्चा फैल गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां जमा हो गए। भीड़ ने मौके पर मौजूद तीन महिलाओं को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं को लात-घूंसों और जूतों से पीटा गया। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


सूचना मिलते ही ईस्ट बसुरिया ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस वाहन को भी निशाना बनाया। विरोध में वाहन पर चप्पल-जूते फेंके गए। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद पुलिस ने किसी तरह तीनों महिलाओं को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित थाने ले गई।
बुधवार को बाघमारा के एसडीपीओ पुरुषोत्तम सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बच्चा चोरी की सूचना की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल बच्चा चोरी की कोई पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला महज अफवाह प्रतीत हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने वालों और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिले में पहले से ही बच्चा चोरी की अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन जागरूकता अभियान चला रहा है, इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और किसी संदिग्ध सूचना की पुष्टि के लिए तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Tags - Crowd Attack Law And Order Rumor Spread Women Assaulted