द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में 24 मार्च 2026 को हुई लूट की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान विष्णु मंडल (32 वर्ष), भागवत कुमार मंडल (25 वर्ष) और सिकेश कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सभी राजमहल थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने पूछताछ में आरोपियों से अपराध स्वीकार करवा लिया। इसके अलावा, आरोपियों के निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल और एक स्कूटी भी बरामद की गई है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस मामले में राजमहल थाना में कांड संख्या 89/26 दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश त्रिपाठी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। इस दल में राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, राधानगर थाना प्रभारी अमर मिंज, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेय, तालझारी थाना प्रभारी नितिश पांडेय और अन्य पुलिस बल शामिल थे। एसडीपीओ त्रिपाठी ने कहा कि पुलिस की तत्परता और टीमवर्क के कारण यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
