रामगढ़
रामगढ़ पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने इन दोनों मामलों को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि रजरप्पा थाना क्षेत्र स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स लूटकांड में पुलिस ने दूसरी बार कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे मामले में गोला थाना क्षेत्र में अवैध विदेशी शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर भारी मात्रा में सामग्री बरामद की गई है।
.jpg)
49 ग्राम सोने के झुमके बरामद
एसपी ने प्रेस वार्ता कर दोनों मामले का खुलासा करते हुए बताया कि रजरप्पा थाना कांड संख्या 48/2026, 21 अप्रैल को चित्तरपुर स्थित शिव शंकर ज्वेलर्स में हुई भीषण डकैती मामले में लगातार जांच और छापेमारी जारी थी। इससे पहले 24 अप्रैल को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसी क्रम में 10 मई को गुप्त सूचना के आधार पर मांडू निवासी नजमा खातून एवं शाहनवाज हुसैन को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 134 पीस चूड़ी-कंगन, लगभग 1350 ग्राम चांदी के जेवरात तथा 49 ग्राम सोने के झुमके बरामद किए गए हैं।

अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश
वहीं दूसरी ओर गोला थाना क्षेत्र के पथलगढ़ा में चल रहे अवैध विदेशी शराब फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसपी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक चंदन वत्स एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने छापेमारी कर फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस दौरान मनोज मुर्मू और भद्रू सिंह को गिरफ्तार किया गया। छापेमारी में 1600 लीटर स्प्रिट, विभिन्न कंपनियों के शराब की खाली बोतलें, करीब 20 हजार स्टीकर, एक सफेद पिकअप वैन, दो मोटरसाइकिल सहित भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई। पुलिस इस कार्रवाई को बड़ी सफलता मान रही है।