logo

वनडे मैच के टिकट की काला बाजारी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार- सात पर मामला दर्ज

giraftar3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
30 नवंबर को होने वाले वनडे मैच के टिकटों की काला बाजारी का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि सात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई जेएससीए स्टेडियम के पास स्थित समाग्रह रेस्टोरेंट में छापेमारी के दौरान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में अरविंद सिंह (विधानसभा थाना क्षेत्र), प्रियांशु राज (धुर्वा बस स्टैंड के पास) और सुधीर कुमार (जेपी मार्केट, विद्यानगर) शामिल हैं। इसकी जानकारी धुर्वा थाना प्रभारी विमल किंडो ने दी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के अलावा जिन सात लोगों पर केस दर्ज किया गया है, उनमें विशाला चिक्की, जितेंद्र जायसवाल, अमित टोबो, संतोष कुमार, ऋतिक कुमार, मनीष कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से टिकट, एक स्कूटी और अन्य सामान बरामद किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


इस तरह कर रहे थे टिकटों की काला बाजारी
सूचना मिली थी कि स्टेडियम में धुर्वा के कुछ लोगों ने भाड़े पर रेजा और कुली को टिकट काउंटर पर खड़ा कर बड़ी संख्या में टिकट खरीदवाए हैं। इसके बाद टिकटों को कई गुना कीमत पर बेचने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अरविंद सिंह और प्रियांशु राज को रंगे हाथ पकड़ा, जो 2000 रुपये का टिकट 8000 में, 1700 का टिकट 4500 में और 1200 का टिकट 3000 रुपये में बेच रहे थे। जब्त टिकटों की संख्या अरविंद और प्रियांशु के पास से पांच-पांच जबकि सुधीर के पास से तीन पाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आदर्शनगर निवासी सुनीत उर्फ बच्चा ने अपने साथियों जितेंद्र, विशाल और अन्य लोगों की मदद से रेजा और कुलियों को लाइन में लगवाकर टिकट खरीदे थे, जिन्हें बाद में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।